रिपोर्ट – गुफरान सिद्दीकी (ब्यूरो चीफ, लखीमपुर स्वर सत्ता)
लखीमपुर खीरी (धौरहरा) – आज ग्राम बबुरी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर अचानक तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, भट्ठे पर काम कर रहे एक मजदूर पर तेंदुए ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोग डर के मारे मूकदर्शक बने रहे, जबकि तेंदुआ बार-बार युवक पर हमला करता रहा।
काफी मशक्कत के बाद युवक ने साहस जुटाकर किसी तरह तेंदुए से अपनी जान बचाई और भाग निकला। इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल, लखीमपुर खीरी ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। धौरहरा सांसद माननीय आनंद भदौरिया के प्रतिनिधि भी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक से मिलकर उसका हालचाल जाना। सांसद ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि क्षेत्र में तेंदुए के इस हमले से ग्रामीणों में दहशत है, और वन विभाग को अलर्ट किया गया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
