हरदोई (पिहानी) – क्षेत्र के प्रसिद्ध धोबिया आश्रम में स्थित क्षतिग्रस्त प्राकृतिक जलस्रोत के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर जल्द ही महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। इस अभियान में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जल संरक्षण प्रेमी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
हरदोई ब्यूरो चीफ विकास गुप्ता के अनुसार, इस प्राकृतिक जलस्रोत के जीर्णोद्धार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। जल योद्धा और लेखक-पत्रकार सुशील सीतापुरी, जिन्होंने गोमती नदी के किनारे 300 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा करके जल संरक्षण का संदेश दिया था, इस मुहिम में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
सुशील सीतापुरी ने बताया कि इस क्षतिग्रस्त जलस्रोत के पुनर्निर्माण के लिए क्षेत्र के लोगों में गजब का उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग स्वयंसेवा कर इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्व वाले स्थल को फिर से संजीवनी मिल सके। साथ ही उन्होंने इस अभियान को “जन-आंदोलन” बताते हुए कहा कि पानी के महत्व को समझते हुए सभी नागरिक इसका हिस्सा बनें।
गौरतलब है कि इस परियोजना से केवल जल संग्रहण ही नहीं बल्कि भूजल स्तर में सुधार, वन्यजीव संरक्षण तथा आसपास के किसानों को भी लाभ पहुंचेगा। प्रशासन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे इस ऐतिहासिक जलस्रोत का पुनरुद्धार संभव हो सके।
